छत्तीसगढ़/चांपा (समाचार मित्र) थाने में एक आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी के साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।

मामला जांजगीर चांपा जिले के चांपा थाना का है !
जानकारी के मुताबिक चांपा पुलिस ने कथित तौर पर अवैध शराब बिक्री के आरोप में मेंहदी पारा चांपा निवासी शिव उर्फ गुल्लू सहिस एक आरोपी को बुधवार की शाम अपनी कस्टडी में लिया जिसके बाद उससे पूछताछ की गई है। आरोप है कि चांपा पुलिस ने आरोपी को मारा और पीटा जिससे उसको गंभीर चोंट लग गई। आननफानन में संदेही आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हालांकि पुलिस के अनुसार मृतक को मिर्गी की बीमारी थी जिसके कारण मृत्यु हुई है। बताया जा रहा है कि चांपा थाने में पदस्थ 2 आरक्षकों पर पूछताछ के नाम पर डराने धमकाने और पीटने का आरोप है जिससे मृतक की मृत्यु ही है। आक्रोशित भीड़ ने चांपा थाने में हंगामा करते हुए आरक्षकों को जनता के समक्ष पेश सामने की बात कह रहे है जबकि पुलिस अधिकारियों ने आरक्षकों को छुपाकर रखा है।
मामले से नाराज परिजनों ने थाने का घेराव कर हंगामा मचाना शुरू कर दिया है जिसे देखते हुए चांपा थाने में माहौल गर्म हो गया और पुलिस बल बुलाकर मामले को शांत करने की कोशिश में लगा है। वही परिजन एवं स्थानीय पुलिस के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े हैं। प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा मृतक के परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी को पूछताछ के नाम पर थाने ले जाया गया था, जहां उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। बाद में उसकी हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मचा हुआ है। मामले की वास्तविकता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, परिजन पुलिस की भूमिका की जांच वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कराने की मांग कर रहे हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर आरोपी की मौत किन परिस्थितियों में हुई? क्या वास्तव में हिरासत में उसके साथ मारपीट हुई थी, या मौत की कोई अन्य वजह थी? इन सवालों का जवाब जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।


