मदन दास संवाददाता की रिपोर्ट
कोरबा/करतला (समाचार मित्र) कोरबा जिले में एक घटना ने पूरे ग्रामवासियों को चिंता में डाल दिया जब ग्रामीणों को एक घर से अचानक तेज़ मानव अवशेष के सड़ने जैसी दुर्गंध आना शुरू हुआ। ग्रामीणों जब शक हुआ तब घर जाकर देखा और सब चौक गए। मामला उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम तरदा का है। जहां एक नवनिर्मित मकान से संदिग्ध परिस्थितियों में बड़ी संख्या में प्लास्टिक की थैलियाँ मिलने की सूचना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त मकान में लगभग 50 से अधिक प्लास्टिक की थैलियाँ पाई गई हैं, जिनमें मानव अवशेष होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस या फॉरेंसिक टीम की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घर के बाहर खड़ी है एक संदिग्ध वाहन !
ग्रामीणों के अनुसार घर के बाहर एक संदिग्ध अवस्था में गाड़ी खड़ी है जिसका उद्देश्य और चालक का अभी तक पता नहीं है।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा जांच की जा रही है तथा बरामद सामग्री का परीक्षण कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि थैलियों में वास्तव में क्या है।
फिलहाल पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी का इंतजार करने की अपील की है।

