खैरभावना के पास दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम !
कोरबा (समाचार मित्र) अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खेरभावना के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात कार ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी और चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर, पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह कंवर कोरबा से अपने काम से वापस साइकिल से अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास अज्ञात कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया और जिम्मेदार वाहन चालक की तत्काल पहचान कर कार्रवाई की मांग की।
आए दिन होते हैं हादसे, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, जिसके चलते क्षेत्रवासियों में भय का माहौल है। तेज रफ्तार वाहनों और यातायात व्यवस्था को लेकर ग्रामीण लंबे समय से चिंतित हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस फरार अज्ञात कार और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। वहीं, चक्काजाम के चलते मार्ग पर कुछ समय के लिए आवागमन प्रभावित रहा।


