कोरबा (समाचार मित्र) जिले के वनांचल क्षेत्रों में भालू का हमला जारी है। दोनों महिलाएं खेत में काम करने के बाद वापस लौट रही थीं, इसी दौरान जंगल के रास्ते में उनका सामना भालू से हो गया। मामला ग्राम डीडासरई-देवपहरी के जंगल का है जहां बुधवार को भालू के हमले से दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों महिलाएं खेत में काम करने के बाद वापस लौट रही थीं, इसी दौरान जंगल के रास्ते में उनका सामना भालू से हो गया।
अचानक हुए हमले में मूल्यारो बाई (50) और समारी बाई (14) घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार, भालू ने दोनों पर हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोटें आई हैं। इनमें कुछ जख्म गहरे हैं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों और परिजनों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेते हुए मामले की जानकारी जुटाई। रेंजर द्वारा दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए लेमरू अस्पताल पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा रेफर किया गया।

