बिलासपुर (समाचार मित्र) जिस हाथ ने हजारों जहरीले सांपों को काबू में कर लोगों की जान बचाई, उसी हाथ को इस बार मौत का सामना करना पड़ा। नवागढ़ में देर रात स्नेक रेस्क्यू के दौरान जाने-माने स्नेक कैचर मनीष पाटिल को सांप ने डस लिया। हादसे का वीडियो अब सामने आया है, जिसमें सांप को डिब्बे में डालते वक्त अचानक मनीष पर हमला करते हुए देखा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि 112 की टीम मनीष पाटिल को अपने साथ स्नेक रेस्क्यू के लिए लेकर गई थी। रेस्क्यू के दौरान सांप के डसने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्हें तत्काल नवागढ़ अस्पताल लाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां समय पर समुचित इलाज नहीं मिल सका। इसके बाद परिजन उन्हें सिम्स बिलासपुर लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान मनीष पाटिल ने दम तोड़ दिया।
वर्षों से सांपों के बीच बना रखा था हौसला
मनीष पाटिल नवागढ़ क्षेत्र में अपनी जान जोखिम में डालकर हजारों सांपों का रेस्क्यू कर चुके थे। जिन घरों में सांप घुसने की खबर भर से दहशत फैल जाती थी, वहां मनीष पहुंचते थे। वह सांपों को सुरक्षित बाहर निकालकर लोगों को राहत पहुंचाते थे।
लेकिन इस बार एक रेस्क्यू उनकी जिंदगी पर भारी पड़ गया। जिस काम के जरिए मनीष वर्षों से लोगों को सांपों के खौफ से बचाते आए थे, उसी दौरान उनकी जिंदगी खत्म हो गई।
मनीष पाटिल की मौत की खबर ने पूरे नवागढ़ क्षेत्र को झकझोर दिया है। दूसरों को सांपों के डर से बचाने वाला एक ऐसा शख्स, जो वर्षों तक अपनी जान जोखिम में डालता रहा, आखिरकार उसी खौफनाक खतरे का शि
कार हो गया।


