हरि भूमि हरियाली अभियान के तहत CVRU में हुआ वृहद पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प।
बिलासपुर/कोटा (समाचार मित्र) पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश देते हुए हरिभूमि समूह के ‘हरिभूमि हरियाली अभियान’ के तहत मंगलवार को डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय में वृहद पौधरोपण अभियान आयोजित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर में फलदार, फूलदार और औषधीय पौधे रोपे गए।

कार्यक्रम में कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार घोष, कुलसचिव डॉ. अरविंद कुमार तिवारी, सम-कुलपति डॉ. जयति चटर्जी और हरिभूमि के महाप्रबंधक प्रियंक सिंह परिहार बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। इस दौरान सभी डीन, विभागाध्यक्ष, डिप्टी रजिस्ट्रार, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण किया।

पर्यावरण संरक्षण जीवनशैली बने – वक्ताओं का आह्वान
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. प्रदीप कुमार घोष ने कहा कि, “पर्यावरण संरक्षण केवल संस्था या सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है। पौधा लगाना नहीं, उसे वृक्ष बनाना सच्ची सेवा है।”
कुलसचिव डॉ. अरविंद तिवारीने कहा कि बढ़ते प्रदूषण के दौर में हर व्यक्ति को पौधा लगाकर उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

सम-कुलपति डॉ. जयति चटर्जीने कहा कि पेड़ हमें प्राणवायु और जीवन देते हैं, इनकी देखभाल हमारा कर्तव्य है।
हरिभूमि के महाप्रबंधक प्रियंक सिंह परिहारने कहा कि अभियान का लक्ष्य समाज में स्थायी जनजागरूकता लाना है। CVRU का सहयोग सराहनीय है।
विश्वविद्यालय परिवार ने लगाए गए पौधों की नियमित निगरानी और देखभाल कर परिसर को और हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर नीरज कश्यप, पुष्पा कश्यप, डॉ. अभिषेक शुक्ला, डॉ. निकेत शुक्ला, डॉ. आर.पी. चौधरी, अनूप शुक्ला सहित समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।


