छत्तीसगढ़/बिलासपुर (समचार मित्र) छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने न्यायिक सेवा में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए PSC के जरिए चयनित 56 नए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की पहली पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना के आदेश भी जारी किए गए हैं हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव की ओर से जारी आदेश के तहत इन 56 नव नियुक्त सिविल जजों को प्रदेश के अलग-अलग न्यायिक जिलों में पदस्थ किया गया है। सभी अधिकारियों को 29 अगस्त 2026 तक अपने-अपने पदस्थापन स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना अनिवार्य किया गया है।
परिवीक्षा पर हुई नियुक्ति
PSC द्वारा चयन के बाद इन अभ्यर्थियों को लोअर ज्यूडिशियल सर्विस कैडर में शामिल कर प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद उन्हें परिवीक्षा अवधि पर नियुक्त किया गया है। अब हाईकोर्ट ने उनकी पहली न्यायिक पदस्थापना कर दी है।
न्यायिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
प्रदेश के विभिन्न जिलों में 56 नए सिविल जजों की पदस्थापना से अधीनस्थ न्यायालयों में न्यायिक अधिकारियों की संख्या बढ़ेगी। इससे लंबित मामलों की सुनवाई और न्यायिक कार्यों के निपटारे में तेजी आने की उम्मीद है। संबंधित प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीशों को नए अधिकारियों की ज्वाइनिंग के बाद चार्ज रिपोर्ट हाईकोर्ट की रजिस्ट्री को भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं
15 न्यायिक अधिकारियों का भी तबादला
56 नए सिविल जजों की पोस्टिंग के साथ 15 न्यायिक अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना भी की गई है। इनमें हायर ज्यूडिशियल सर्विस के पांच न्यायिक अधिकारी शामिल हैं

