कोरबा (समाचार मित्र) कोरबा जिले का एक गांव जहां बच्चों को स्कूल जाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर बच्चों के सामने मुश्किलें और बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बच्चों का नदी पार करना जोखिम भरा हो जाता है।
पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सिर्री में स्कूली बच्चों की परेशानी सामने आई है। यहां बच्चों को स्कूल जाने के लिए नदी पार करनी पड़ती है। बारिश के दिनों में नदी का जलस्तर बढ़ने पर बच्चों के सामने मुश्किलें और बढ़ जाती हैं
बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए उनके परिजन भी नदी पार कराने में सहयोग करते हैं। लेकिन जब नदी में पानी की मात्रा काफी बढ़ जाती है, तब बच्चे नदी के उस पार ही रुकने को मजबूर हो जाते हैं। कई बार ऐसी स्थिति में वे विद्यालय भी नहीं जा पाते, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित होती है।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बच्चों का नदी पार करना जोखिम भरा हो जाता है। इसके बावजूद शिक्षा हासिल करने के लिए उन्हें रोजाना इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। परिजन भी मजबूरी में बच्चों के साथ नदी पार करते हैं।
ग्रामीणों का सवाल है कि ग्राम पंचायत सिर्री की इस गंभीर समस्या पर प्रशासन अब तक ध्यान क्यों नहीं दे रहा है? जब बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रहे हैं, तो जिम्मेदार विभाग की ओर से स्थायी समाधान के लिए पहल क्यों नहीं की जा रही?
पुल या सुरक्षित आवागमन की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। नदी पर पुल या पुलिया का निर्माण अथवा सुरक्षित आवागमन की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि बारिश के दिनों में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो और उन्हें जोखिम उठाकर नदी पार न करनी पड़े।
अब देखना होगा कि सिर्री गांव के स्कूली बच्चों की इस समस्या पर प्रशासन कब संज्ञान लेता है और उन्हें सुरक्षित आवागमन की सुविधा कब उपलब्ध कराई जाती है।

