कोरबा (समाचार-मित्र) कोरबा जिले में बैंक में चोरी की कोशिश का मामला सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि अज्ञात आरोपियों ने बैंक को निशाना बनाने का प्रयास किया।
मामला कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैंसमा स्थित छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक का है। घटना के दौरान बैंक में लगा CCTV कैमरा बंद होने की बात सामने आई है। वहीं बैंक की सुरक्षा के लिए गार्ड भी मौजूद नहीं था, जिससे बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस द्वारा आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल चोरी की कोशिश में आरोपियों को क्या-क्या सफलता मिली और बैंक से कोई सामान या नकदी चोरी हुई है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। चोरों ने बैंक के लॉकर तोड़ने का प्रयास किया परंतु असफल रहा। हैरानी की बात की है कि सड़क के मुख्य रास्ते में मौजूद होने के बाद भी बैंक में चोरी करने का प्रयास किया गया।














































































































































