राष्ट्रीय पत्रकार संघ छत्तीसगढ़ की प्रदेश स्तरीय समीक्षा बैठक संपन्न ।
आगामी सम्मेलन में पत्रकार सम्मान समारोह एवं मास्टर ट्रेनर से पत्रकार सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित करने पर बनी सहमति !
छत्तीसगढ़/जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) राष्ट्रीय पत्रकार संघ छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण बैठक जांजगीर-चांपा में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, संगठनात्मक विस्तार एवं पत्रकारों के हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने संगठन को जिला एवं ब्लॉक स्तर तक और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर अपने सुझाव रखे।
बैठक में आगामी सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान सम्मेलन में पत्रकारों के योगदान एवं उनकी सक्रिय भूमिका को देखते हुए सम्मान समारोह आयोजित करने पर सहमति बनी। संगठन से जुड़े उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किए जाने की रूपरेखा तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
मास्टर ट्रेनर के माध्यम से ‘पत्रकार प्रशिक्षण कार्यक्रम’ पर विशेष जोर !
संगठन से जुड़े पत्रकारों के लिए मास्टर ट्रेनर के माध्यम से विशेष रुप से नए पत्रकारों के लिए पत्रकारिता में कार्य करने का अनुभव सीखना महत्वपूर्ण होता है। इसी उद्देश्य से संगठन ने पत्रकारों की सुरक्षा एवं पत्रकारिता को निखारने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। आगामी सम्मेलन के दौरान पत्रकार सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण में समाचार संकलन एवं कवरेज के दौरान बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों, मौके पर सुरक्षा, कानूनी अधिकारों तथा विषम परिस्थितियों में पत्रकारों द्वारा अपनाई जाने वाली आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी जाएगी।
पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारों के सामने समाचार संकलन के दौरान कई तरह की चुनौतियां आती हैं। ऐसे में पत्रकारों को अपने अधिकारों के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी व्यावहारिक एवं कानूनी जानकारी होना आवश्यक है।
जिला एवं ब्लॉक स्तर पर संगठन विस्तार !
बैठक में संगठन की गतिविधियों को जिला एवं ब्लॉक स्तर तक प्रभावी रूप से संचालित करने, अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा पत्रकारों से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाने पर भी सहमति बनी। संगठन को सक्रिय बनाने के लिए आगामी दिनों में विभिन्न कार्यक्रम एवं जनहित से जुड़े विषयों पर गतिविधियां आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। पत्रकार समाज की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के सम्मान, अधिकार एवं सुरक्षा के लिए संगठन निरंतर प्रयास करता रहेगा।
बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
उक्त बैठक में प्रहलाद बरेठ प्रदेश अध्यक्ष, दिले कश्यप प्रदेश प्रभारी, रामेन्द्र भारद्वाज प्रदेश उपाध्यक्ष, कृष्णा टंडन प्रदेश महामंत्री, रामकुमार नगारची प्रदेश सचिव, दीपक राठौर जिला अध्यक्ष शक्ति, महेश सोनी प्रदेश महामंत्री डॉ भुपेन्द्र लहरे प्रदेश सचिव, अमन सोनी प्रदेश सचिव, मणिशंकर साह जिला अध्यक्ष जांजगीर-चांपा, निमेश कुमार राठौर जिला अध्यक्ष कोरबा, इकबाल खान जिला उपाध्यक्ष, सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहें।


