बलौदाबाजार (समाचार मित्र) कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विगत एक सप्ताह में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 21 नमूने लिए गए, जिनमें 7 विधिक एवं 14 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। वहीं जनस्वास्थ्य के लिए संभावित रूप से नुकसानदायक पाए गए 107 किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा दल ने बलौदाबाजार और सिमगा क्षेत्र के विभिन्न मिष्ठान एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलकत्ता स्वीट्स, गांधी चौक बलौदाबाजार, रूपड़ा मिष्ठान भंडार बलौदाबाजार, जय मां दुर्गा स्वीट्स जय स्तंभ चौक सिमगा, बालाजी जोधपुरी स्वीट्स तिगड्डा चौक सिमगा तथा अमित स्वीट्स सिमगा का निरीक्षण किया गया।
जांच के दौरान बेसन लड्डू, पेड़ा, मिल्क केक, मलाई पेड़ा, खोया, गुलाब जामुन, शंकरपारा, मेवा, मेथी मटरी और बेमन पापड़ी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला रिपोर्ट में यदि किसी खाद्य पदार्थ में मिलावट अथवा अमानकता पाई जाती है तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान रूपड़ा मिष्ठान भंडार में खाद्य पदार्थों के निर्माण एवं विक्रय के दौरान हेड कवर और ग्लव्स का उपयोग नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया।
त्योहारों को लेकर विभाग की विशेष निगरानी
त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले के सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं विक्रय केवल निर्धारित गुणवत्ता और स्वच्छता मानकों के अनुरूप किया जाए।
विभाग द्वारा बिना खाद्य पंजीयन या लाइसेंस के संचालित होने वाले अस्थायी स्टॉलों पर भी निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण हाट-बाजारों तक पहुंचने वाली संदिग्ध मिठाइयों एवं अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई चेन की भी जांच की जा रही है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की इस कार्रवाई से त्योहारी सीजन में मिलावटी और खराब खाद्य सामग्री के कारोबार पर अंकुश लगाने तथा आम लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

