जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) रक्षाबंधन से पहले त्योहारी सीजन में जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण से मिठाई की गुणवत्ता को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। मुख्य मार्ग स्थित कान्हा स्वीट्स एवं डेली नीड्स से खरीदी गई मिठाई में कीड़ा मिलने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राहक ज्योति कश्यप ने मिठाई का डिब्बा खोला तो उसमें कीड़ा दिखाई दिया। यह देखकर ग्राहक और परिजन हैरान रह गए। घटना के बाद दुकान में बिकने वाली मिठाइयों की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि उक्त दुकान का संचालन मनोजिया केशरवानी द्वारा किया जाता है। हालांकि, मिठाई में कीड़ा मिलने के मामले में दुकान संचालक का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा पर सवाल
रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर विशेष सतर्कता जरूरी है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में नकली मिठाई, मिलावटी मावा और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की जा रही है।
ऐसे समय में शिवरीनारायण में मिठाई के अंदर कीड़ा मिलने का आरोप खाद्य सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। लोगों ने संबंधित खाद्य एवं औषधि विभाग से मामले की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि विभाग इस शिकायत को कितनी गंभीरता से लेता है और मिठाई के सैंपल की जांच कराकर वास्तविक स्थिति सामने लाता है या नहीं।

