कोरबा (समाचार मित्र) अंधेरे में बैरिकेड बना खतरा, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल जिले के पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत रेंकी से अण्डीकछार मार्ग पर NTPC द्वारा लगाए गए बेरीकेट को लेकर ग्रामीणों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रात में पर्याप्त रोशनी और दूर से दिखाई देने वाले संकेतकों के अभाव में यह बेरीकेट वाहन चालकों के लिए अचानक सामने आने वाली बाधा बन जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर यातायात नियंत्रित करने के लिए लगाए गए बेरीकेट के आसपास हाई-पावर लाइट, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और स्पष्ट स्टॉप लाइट जैसी व्यवस्थाएं जरूरी हैं। इनकी कमी के कारण विशेषकर रात के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर तैनात कर्मचारियों का राहगीरों के प्रति व्यवहार कई बार संतोषजनक नहीं रहता। लोगों ने NTPC प्रबंधन से स्थल का तत्काल निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सुरक्षा के नाम पर लगाया गया बेरीकेट खुद खतरे का कारण न बने, इसके लिए NTPC को लापरवाही छोड़कर तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।

