जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) पामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान परमेश्वर साहू (25 वर्ष), निवासी कोयला, थाना पामगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में पुलिस पहले ही जनकराम साहू (50 वर्ष), निवासी कोसला को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है।
पुलिस के अनुसार, 29 अगस्त की शाम ग्राम कोसला में जमीन विवाद को लेकर जनकराम साहू का अपने बड़े भाई पुनीराम साहू से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर जनकराम ने कथित रूप से बांस की लाठी से पुनीराम के सिर पर कई वार कर दिए। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंची पुनीराम की पत्नी ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू पर भी लाठी से हमला किया गया।
हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस के जरिए शासकीय अस्पताल पामगढ़ पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया। उपचार के दौरान ननकी नोनी उर्फ भूरी बाई साहू की मौत हो गई।
घटना की रिपोर्ट पर पामगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 360/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) एवं 103(1) के तहत मामला कायम किया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना के दौरान परमेश्वर साहू की कथित संलिप्तता की जानकारी मिलने पर उससे पूछताछ की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
मामले में पुलिस की विवेचना अभी जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश सूर्यवंशी, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार एवं आरक्षक भुनेश्वर पटेल का सराहनीय योगदान रहा।

