कोरबा (समाचार मित्र) ग्रामीणों के अनुसार, गणेश विसर्जन के दौरान जुलूस गुजर रहा था, तभी दीवार भरभराकर गिर गई। एक युवक के सिर और दूसरे की आंख के पास चोट आई, जबकि युवती के पैर में चोट लगी।पाली विकासखंड के ग्राम पंचायत जोरहाडबरी में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र की दीवार गिरने से दो युवक और एक युवती घायल हो गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि निर्माण में ईंटों की जोड़ाई, पानी की तराई तथा बीम-कॉलम के कार्य में लापरवाही बरती गई। ग्रामीणों का दावा है कि इसी निर्माण की एक दीवार पहले भी गिर चुकी है।
निर्माण कार्य ठेकेदार छोटेलाल पटेल, जिन्हें ग्रामीण विधायक प्रतिनिधि बताते हैं, द्वारा कराया जा रहा है। सरपंच प्रतिनिधि अजीत कुमार कुर्रे ने कहा कि शुरुआत में उन्होंने निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था, लेकिन पारिवारिक परिस्थितियों और सरपंच चंद्रलेखा सिंह मरकाम के प्रसव के कारण पिछले दो-तीन महीनों से निगरानी प्रभावित रही।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश कुमार रात्रे ने कहा कि गुणवत्ता विहीन निर्माण की तत्काल जांच होनी चाहिए। उन्होंने कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल से भी ऐसे ठेकेदारों से दूरी बनाने की मांग करते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई और घायलों को तत्काल राहत देने की मांग की।


