कोरबा (समाचार मित्र) गणेश विसर्जन कार्यक्रम के दौरान डीजे बंद कराने अथवा ध्वनि कम करने की समझाइश देना पुलिसकर्मियों को भारी पड़ गया। इस दौरान एक युवक ने पुलिस पार्टी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए प्रशिक्षु उपनिरीक्षक से गाली-गलौज कर शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रयास किया। मामले में थाना उरगा पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर 2026 की रात करीब 9 बजे थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम आमपाली मुख्य मार्ग पर गणेश विसर्जन कार्यक्रम चल रहा था। इस दौरान डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस पार्टी द्वारा निर्धारित नियमों और ध्वनि मानकों का पालन कराने के लिए डीजे बंद करने अथवा आवाज कम करने की समझाइश दी जा रही थी।
इसी दौरान सुनील कुमार खड़िया (34 वर्ष), पिता वीर सिंह, निवासी आमपाली, थाना उरगा, जिला कोरबा ने पुलिस पार्टी के साथ अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि उसने प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नेमदास के साथ गाली-गलौज करते हुए शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया।
घटना के संबंध में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 522/2026, धारा 221 और 296 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुनील कुमार खड़िया को गिरफ्तार कर प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की।
डीजे संचालक पर भी कार्रवाई
वहीं, गणेश विसर्जन के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन कर डीजे बजाए जाने के मामले में संबंधित डीजे संचालक के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम के तहत पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने की अपील
कोरबा पुलिस ने धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के दौरान निर्धारित नियमों और ध्वनि मानकों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें और पुलिस द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें। शासकीय कार्य में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करने अथवा कानून का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सजग कोरबा, सतर्क कोरबा।


