कोरबा (समाचार मित्र) ग्राम पंचायत कुदूरमाल में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-2 का उद्घाटन समारोह आयोजित किया गया। उद्घाटन के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा “आंगन मिलन सेवा संकल्प” कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभागीय गतिविधियों एवं महिला-बाल विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि आंगनबाड़ी केंद्र ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। केंद्र के माध्यम से छोटे बच्चों को बेहतर वातावरण में प्रारंभिक शिक्षा एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को भी आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की जाती हैं।

“आंगन मिलन सेवा संकल्प” कार्यक्रम के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं और सेवाओं को ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनंत,संजय वैष्णव एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका, विभागीय कर्मचारी सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र को लेकर ग्रामीणों में भी उत्साह देखने को मिला।


