बाइक से टक्कर के बाद पुजारी पर चाकू से हमले का आरोप, मामूली धाराओं में केस दर्ज होने से उठे सवाल !
बिलासपुर (समाचार मित्र) सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में देर रात बाइक से टक्कर लगने के बाद एक पुजारी और युवक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि बाइक सवार युवक ने पहले पुजारी को थप्पड़ मारे और फिर चाकू से हमला करने की कोशिश की। हमले से बचने के दौरान पुजारी के बाएं पैर और जांघ में चोटें आईं। पीड़ित ने घटना की शिकायत सिरगिट्टी थाने में दर्ज कराई है। वहीं, उनका आरोप है कि चाकू से हमला किए जाने के बावजूद पुलिस ने मामले में मामूली धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, पीड़ित आदित्य नारायण तिवारी, थाना सिरगिट्टी क्षेत्र के गणेश नगर नयापारा, ज्योति मेडिकल स्टोर के पास रहते हैं। 29/08/2026 की रात करीब 11:30 बजे वे अपने दूसरे घर से खाना खाकर अपने घर सोने जा रहे थे।
इसी दौरान विवेक ठाकुर उर्फ पक्कू स्प्लेंडर बाइक से कथित तौर पर स्टंट करते हुए वहां से गुजर रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइक की टक्कर आदित्य नारायण तिवारी के हाथ में लगी, जिससे वे गिर गए।
बताया गया कि गिरने के बाद आदित्य नारायण तिवारी ने विवेक ठाकुर उर्फ पक्कू से कहा कि इस तरह बाइक चलाने से किसी का एक्सीडेंट हो सकता है। आरोप है कि इस बात पर विवेक ठाकुर ने बाइक मोड़कर वापस आते हुए उनसे कहा, “क्या बात कर रहा है, मुझे नहीं जानता क्या? मुझे माफी मांगो।”
पीड़ित के अनुसार, उन्होंने विवाद को बढ़ने से रोकने के लिए माफी भी मांग ली। इसके बावजूद युवक का गुस्सा शांत नहीं हुआ। आरोप है कि विवेक ठाकुर ने गाली-गलौज करते हुए उनके गाल पर दो तमाचे जड़ दिए।
इसके बाद विवाद ने और गंभीर रूप ले लिया। पीड़ित का आरोप है कि विवेक ठाकुर ने चाकू निकालकर उनके पेट पर हमला करने की कोशिश की। खुद को बचाने के दौरान आदित्य नारायण तिवारी ने पैर से चाकू को रोकने का प्रयास किया, जिससे उनके बाएं पैर और जांघ में चोटें आईं।
घटना के बाद आदित्य नारायण तिवारी सिरगिट्टी थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई। हालांकि, उनका आरोप है कि घटना में चाकू से हमला किए जाने के बावजूद पुलिस ने मामले में मामूली धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
पीड़ित का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए जिस तरह की कार्रवाई होनी चाहिए थी, वह नहीं होने से उन्हें न्याय को लेकर चिंता है। मामले में उचित कार्रवाई की मांग को लेकर आदित्य नारायण तिवारी ने मुख्यमंत्री, आईजी और एसएसपी स्तर तक भी शिकायत की है।
उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और चाकू से हमला किए जाने समेत घटना से जुड़े सभी तथ्यों के आधार पर उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल, पीड़ित की मांग है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जांच करें और यदि चाकू से हमला किए जाने के आरोप की पुष्टि होती है, तो उसके अनुरूप कानूनी कार्रवाई की जाए।


