कोरबा/कटघोरा (समाचार मित्र) दुबई के मशहूर बुर्ज खलीफा को देखने के लिए अब दुबई जाने की जरूरत नहीं है। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला अंतर्गत स्थित कटघोरा में गणेश उत्सव के अवसर पर तैयार किया गया एक अनोखा और भव्य गणेश पंडाल इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पंडाल को बुर्ज खलीफा की तर्ज पर आकर्षक स्वरूप दिया गया है, जिसकी चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
पंडाल की भव्यता और आकर्षक डिजाइन को देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग कटघोरा पहुंच रहे हैं। खासकर रात के समय जब पंडाल पर रंग-बिरंगी रोशनी जगमगाती है, तो इसका नजारा देखते ही बनता है। दूर से चमकती लाइट और ऊंचाई पर बने पंडाल का स्वरूप लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।
अंदर की सजावट भी बनी आकर्षण का केंद्र
सिर्फ बाहरी डिजाइन ही नहीं, बल्कि पंडाल के अंदर की सजावट भी बेहद खास तरीके से की गई है। गणेश प्रतिमा को भव्य रूप में स्थापित किया गया है और पूरे परिसर को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। यही वजह है कि दर्शन और पंडाल की भव्यता देखने के लिए श्रद्धालुओं और लोगों की भीड़ लगातार बढ़ रही है।
गणेश उत्सव के दौरान कटघोरा का यह ‘बुर्ज खलीफा’ पंडाल लोगों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बन गया है। लोग यहां पहुंचकर भगवान गणेश के दर्शन करने के साथ-साथ पंडाल की भव्यता को अपने कैमरे में भी कैद कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसकी तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बन रहे हैं।


