कोरबा (समाचार मित्र) दूर वनांचल क्षेत्र में स्कूलों के संचालन में लापरवाही बरते वाले शिक्षकों पर शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्यवाही की है। स्कूल बिना किसी पर्याप्त कारण के समय से पूर्व बंद कर दिए जाने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए सहायक शिक्षक पदमिनी पटेल को निलंबित कर दिया है। टीम समाचार मित्र के स्कूल संचालन में बरती जा रही लापरवाही को प्रमुखता से सामने लाने के बाद विभाग ने मामले को संज्ञान में लिया और संबंधित शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।

मामला लेमरू संकुल अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला छातीबाहर का है, जहां निर्धारित समय से पहले ही करीब 2 बजे ही बच्चों की छुट्टी कराकर शिक्षक स्कूल से चले गए थे। स्कूल संचालन में सामने आई इस लापरवाही को लेकर शिक्षा विभाग ने प्रधानपाठक ठाकुर राम मंझवार एवं शिक्षिका पदमिनी पटेल से स्पष्टीकरण मांगा था।
बताया जा रहा है कि नोटिस के जवाब में प्रस्तुत स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके बाद विभाग ने मामले में कार्रवाई करते हुए संबंधित शिक्षिका को निलंबित कर दिया है।

