कोरबा/कटघोरा (समाचार मित्र) गांव में खुले/असुरक्षित विद्युत ट्रांसफार्मर के कारण एक बार फिर बड़ा हादसा सामने आया है। ट्रांसफार्मर से करंट की चपेट में आने से एक गाय की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिल रही है। कई बार आवेदन के बावजूद विद्युत विभाग ध्यान नहीं देता जिससे पहले भी 4 घटनाएं हो चुकी है। मामला कटघोरा विकासखण्ड के ग्राम पंचायत सलोरा (ख) के आश्रित ग्राम कन्हैयाभांठा का है। जहां ट्रांसफार्मर के आस पास करेंट आने से एक पशु की मौत हो गई।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक विद्युत सुधार को लेकर कई बार विद्युत विभाग भिलाईबाज़ार को आवेदन देकर समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह पहली घटना नहीं है। पूर्व में भी इसी तरह की करीब 4 घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके बावजूद जिम्मेदार विभाग द्वारा समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर विद्युत विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार क्यों कर रहा है?
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मर की तत्काल जांच कराकर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में पशुओं के साथ-साथ ग्रामीणों की जान भी खतरे में न पड़े।
ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत और आवेदन के बावजूद यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो शायद इस घटना को टाला जा सकता था। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद विद्युत विभाग कब जागता है और ट्रांसफार्मर की सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाता है।

