कोरबा/कटघोरा (समाचार मित्र) शाला विकास समिति एवं ग्राम पंचायत सरपंच की शिकायत पर लंबे समय तक कार्यवाही नहीं वाले शिक्षा विभाग के अधिकारियों की नींद अंततः ख़बर प्रकाशन के बाद खुली। “समाचार-मित्र” ने प्रमुखता से “शराबी शिक्षक पर शिक्षा विभाग मेहरबान, कई शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्यवाही” शीर्षक से स्कूल का ख़बर प्रकाशन किया था जिसपर जिला शिक्षा अधिकारी ने संज्ञान लेते हुए शराबी शिक्षक पर कार्यवाही करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। मामला संज्ञान में आते ही DEO ने त्वरित कार्यवाही करते हुए शिक्षक को निलंबित करने का आदेश जारी किया हैं। मामला कोरबा जिले के कटघोरा विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गंगदेई का है।

आरोप था कि यहां पदस्त सहायक शिक्षक रघुलाल आहिर पिछले 10 माह से नदारत है और जब भी आते है आए दिन शराब पीकर स्कूल आते है जिसका सीधा असर विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा था। छात्रों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही थी, वहीं शिक्षक का कथित अनुचित व्यवहार बच्चों के सामने गलत उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा था। पालकों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है, ऐसे में यदि शिक्षक ही अनुशासनहीनता का परिचय दें तो विद्यार्थियों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।
शाला विकास समिति, सरपंच सहित शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत देने के बावजूद शिक्षा विभाग द्वारा आज तक एक जांच तक नहीं कराया गया था इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे थे परंतु समाचार मित्र की टीम ने प्रमुखता से इस मुद्दे उठाया जिसपर जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए उक्त शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

