कोरबा (समाचार मित्र) क्षेत्र के एक शासकीय विद्यालय में पदस्थ शिक्षक पर ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में विद्यालय आने के आरोप लंबे समय से लगते रहे हैं। प्रधानपाठक से लेकर स्थानीय ग्रामीणों, पालकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा कई बार शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
मामला कोरबा जिले के कटघोरा विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला गंगदेई का है। आरोप है कि यहां पदस्त सहायक शिक्षक रघुलाल आहिर आए दिन शराब पीकर स्कूल आते है जिसका सीधा असर विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था पर पड़ रहा है। छात्रों की नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं शिक्षक का कथित अनुचित व्यवहार बच्चों के सामने गलत उदाहरण भी प्रस्तुत कर रहा है। पालकों का कहना है कि विद्यालय बच्चों के भविष्य निर्माण का केंद्र होता है, ऐसे में यदि शिक्षक ही अनुशासनहीनता का परिचय दें तो विद्यार्थियों पर इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ना स्वाभाविक है।
अधिकारियों का मिल रहा संरक्षण कई शिकायत के बाद भी कार्यवाही नहीं !

प्रधानपाठक महेंद्र कुमार कश्यप ने बताया कि रघुलाल आहिर पर असामान्य व्यवहार करने, शैक्षणिक कार्य नहीं करने एवं आए दिन शराब के नशे में स्कूल आने संबंधित कई गंभीर आरोप है। प्रधानपाठक श्री कश्यप ने बताया कि उनके द्वारा कई महीनों से उनका उपस्थिति दर्ज नहीं किया जाता क्योंकि शराब सेवन कर स्कूल में पहुंच जाते है जिससे बच्चे डर जाते है। अधिकारियों को कई बार अवगत कराने के बावजूद भी कार्यवाही नहीं करने से ऐसे शिक्षकों का मनोबल बढ़ रहा है।
शाला विकास समिति, सरपंच सहित शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि कई बार लिखित एवं मौखिक शिकायत देने के बावजूद शिक्षा विभाग द्वारा आज तक एक जांच तक नहीं कराया गया। इससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों एवं पालकों ने जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर संबंधित शिक्षक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण बेहतर हो सके और छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।
BEO कटघोरा से कई बार फोन करने के बाद भी फोन रिसीव नहीं किया गया।
(नोट: यह समाचार शिकायतों और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित शिक्षक या शिक्षा विभाग का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।)

