कोरबा (समाचार मित्र) जिले में स्कूल भवनों के निर्माण का बुरा हाल है। कई पंचायतों में अतिरिक्त कक्ष भवन का निर्माण कार्य वर्षों से अधूरा पड़ा हुआ है। निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने के कारण विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को प्रतिदिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामला कोरबा विकासखण्ड अंतर्गत शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला ज़िल्गा (बरपाली) का है जहां सत्र 2023- 24 में अतिरिक्त कक्ष निर्माण का कार्य स्वीकृत हुआ था। भवन के अभाव में विद्यार्थियों को पर्याप्त बैठने की व्यवस्था नहीं मिल पा रही थी। कई बार एक ही कक्ष में अधिक संख्या में छात्रों को बैठाकर पढ़ाई कराई जाती थी, जिससे शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। वहीं शिक्षकों को भी सीमित संसाधनों में पढ़ाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा था जिसे देखते हुए अतिरिक्त कक्ष का निर्माण स्वीकृत हुआ था परंतु उसे भी पंचायत के सरपंच सचिव के द्वारा 2 वर्ष बीत जाने के बाद भी पूरा नहीं कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों का कहना है कि भवन निर्माण कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है, लेकिन संबंधित पंचायत के सरपंच सचिव एवं जिम्मेदार विभाग RES द्वारा इसे पूरा कराने की दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की जा रही है। इससे बच्चों की पढ़ाई पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीणों के बताए अनुसार तो इस कार्य को किसी ठेकदार द्वारा कराया जा रहा है जिससे प्रतीत होता है कि जिम्मेदार लोगों ने उक्त कार्य को ठेके प्रथा पर चढ़ा दिया है।

