कोरबा (समाचार मित्र) जिला मुख्यालय से दूर स्थित ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अपने गांव के व्यक्ति का बड़े जनप्रतिनिधि पद पर चुना जाना गर्व का विषय होता है। ग्रामीणों को विश्वास रहता है कि उनका जनप्रतिनिधि क्षेत्र के विकास को प्राथमिकता देगा और उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेगा। कोरबा जिले के कोरबा जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गेरांव के आश्रित ग्राम घोटमार से जनपद पंचायत कोरबा के अध्यक्ष के चुने जाने से ग्रामीणों में विकास की नई आस और विश्वास का जन्म हुआ। परंतु क्या हो अगर जनपद अध्यक्ष के गांव में ही विकास कार्य ठप पड़े रहे, अधूरे निर्माण और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में ग्रामीण परेशान हो ? ताजा मामला कोरबा जनपद क्षेत्र का है।
कोरबा जनपद पंचायत अध्यक्ष के अपने ही गांव घोटमार में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और कई निर्माण कार्यों के अधूरे पड़े रहने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व पीपल चौक से ढोढी तक सीसी रोड निर्माण के लिए खनिज न्यास मद से लगभग 10 लाख रुपए एवं प्राथमिक शाला में अहाता निर्माण हेतु लगभग 3 लाख की प्रशासनिक स्वीकृति हुई थी जिसका प्रथम किस्त पंचायत ने निकालकर जनपद अध्यक्ष को प्रदान कर दी थी परंतु आज पर्यंत तक निर्माण कार्य शुरु नहीं हुआ। हैरानी की बात है कि जिस गली में स्वयं जनपद अध्यक्ष श्रीमती बृजमति राठिया निवास करती है उसी गली को बनाने निकला पैसा एक वर्ष होने के बाद भी शुरू नहीं हो सका। जनपद अध्यक्ष स्वयं अपने गली के सीसी रोड को बनाने में भी असफल रही।
महिलाओं को पेयजल सुविधा नहीं उपलब्ध करा पा रहे जिम्मेदार !
हैरानी की बात है कि जहां जनपद अध्यक्ष का खुद निवास है वहां की महिलाएं पानी की बूंद बूंद के लिए तरस रही है। गांव के पीपल चौक में बोर खनन किया गया है जिसे भी एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा अपने निजी प्रयोजन हेतु उपयोग में लाया जा रहा है जबकि सार्वजनिक उपयोग हेतु बोर खनन किया गया था। गांव की महिलाएं ढोढी नाले से पानी लाकर पीने को मजबूर है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जनप्रतिनिधि को उन्होंने विकास की उम्मीद के साथ चुना था, वही अपने गांव की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं दिखाई दे रहे हैं। कई निर्माण कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं, जबकि नए विकास कार्य भी शुरू नहीं हो रहे हैं। इससे ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
3 से 4 दिनों में शुरू हो जाएगा काम : जनपद अध्यक्ष
समाचार मित्र की टीम ने जब इस संबंध में ग्राम घोटमार निवासी जनपद अध्यक्ष श्रीमती बृजमति राठिया से बात की तो उन्होंने बताया कि दोनों कार्य 3 से 4 दिनों में काम शुरू हो जाएगा।
कुल 5 लाख की अग्रिम राशि जनपद अध्यक्ष को दिया गया : सरपंच पति
समाचार मित्र की टीम इस संबंध में पंचायत का पक्ष जानने जब बताती निवासी सरपंच निवास पहुंची तो सरपंच के पति हीरा लाल राठिया मौजूद थे। उन्होंने टीम को बताया कि पंचायत चुनाव के कुछ महीनों के बाद जनपद अध्यक्ष को दो कार्यों के लिए जिसमें सीसी रोड एवं अहाता निर्माण हेतु अग्रिम राशि कुल 5 लाख रुपए प्रदान कर दी गई है परंतु आज पर्यंत तक कार्य शुरू नहीं हुआ है। सेसरपंच पति का कहना है कि ग्रामीणों के कहने पर उन्होंने कई बार जनपद अध्यक्ष के पति से निर्माण कार्यों को जल्द से जल्द कराने की। अपील की। परंतु उन्होंने ध्यान नहीं दिया। वही प्राथमिक शाला परिसर में अहाता निर्माण हेतु गड्ढे खोदकर कई महीनों पहले से छोड़ दिया गया है जिससे स्कूली बच्चों को भी खतरा है। सरपंच पति का दावा है कि उन्होंने कई बार जनपद अध्यक्ष को कार्य के लिए बोला है।

