कोरबा/करतला (समाचार मित्र) कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कराईनारा में बिना वैधानिक अनुमति के लाल ईंट भट्टे के संचालन का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित संचालक द्वारा आवश्यक विभागीय अनुमति एवं पर्यावरणीय नियमों का पालन किए बिना ईंट निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिससे शासन को राजस्व हानि होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान पहुंच रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ईंट भट्टे के लिए बड़े पैमाने पर मिट्टी का उत्खनन किया जा रहा है, लेकिन इस संबंध में खनिज विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टे से निकलने वाले धुएं और प्रदूषण का असर आसपास के खेतों तथा ग्रामीणों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। वहीं, नियमों का पालन करने वाले वैध व्यवसायियों को भी इससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

