कोरबा/करतला (समाचार मित्र) करतला जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 24 उमरेली में पूर्व सदस्य स्व. नर्मदा प्रसाद देवांगन के निधन के बाद खाली हुए सीट पर उपचुनाव संपन्न हुआ जिसमें प्रत्याशी श्रीमती पूजा क्रांति देवांगन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारी बहुमत से जीत दर्ज की है। निर्वाचन ड्यूटी में तैनात अधिकारियों द्वारा मतगणना के बाद उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार पूजा क्रांति देवांगन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को बड़े अंतर से पराजित किया।
परिणाम सामने आते ही पंचायत क्षेत्र में उनके समर्थकों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया और इसे विकास, विश्वास एवं अनुभव की जीत बताया।
चुनाव प्रचार के दौरान पंचायत विकास, अधूरे कार्यों को पूरा करने, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और जनहित की योजनाओं को लेकर प्रत्याशियों ने मतदाताओं के बीच व्यापक जनसंपर्क किया था। अंततः मतदाताओं ने श्रीमती पूजा क्रांति देवांगन के पक्ष में अपना जनादेश दिया।
श्रीमती पूजा क्रांति देवांगन ने अपनी जीत पर जनपद क्षेत्र के समस्त मतदाताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत पूरे ग्राम पंचायत की जनता की जीत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी तथा अधूरे कार्यों को पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।
इस जीत के साथ ही पंचायत की राजनीति में एक बार फिर अनुभव और जनविश्वास की मजबूत वापसी देखने को मिली है। अब जनपद क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में तेजी से काम होगा।

