कोरबा/करतला (समाचार मित्र) शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा (चैनपुर) में केरियर गाइडेंस सेमिनार एवं मार्कशीट वितरण कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विषय चयन, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं भविष्य के विभिन्न कैरियर विकल्पों की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि माननीय श्री मनोज झा (जनपद उपाध्यक्ष एवं अध्यक्ष स्थाई शिक्षा समिति, जनपद पंचायत करतला) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर बनने एवं स्वयं का रोजगार स्थापित करने का भी आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी क्षमता एवं प्रतिभा का सही दिशा में उपयोग करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे ग्राम पंचायत नवापारा के सरपंच माननीय श्री छत्रपाल सिंह राठिया ने विद्यालय की गतिविधियों एवं आयोजन की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि एवं एसएमडीसी अध्यक्ष श्री तामेश्वर प्रसाद राठिया ने विद्यार्थियों एवं पालकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के विकास में निरंतर सहयोग की बात कही।
संस्था के प्राचार्य डॉ. जगन्नाथ हिमधर ने स्वागत भाषण में विद्यालय की उपलब्धियों, शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम तथा शिक्षकों की मेहनत पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विद्यालय के स्काउट के 18 विद्यार्थियों को राज्यपाल सम्मान प्राप्त हुआ है, जिसके लिए स्काउट प्रभारी श्री मनमोहन सिंह राठिया एवं समस्त स्काउट विद्यार्थियों को बधाई दी गई।
कार्यक्रम में विभिन्न विशेषज्ञ वक्ताओं ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। श्री वैभव कौशिक (सीईओ, जनपद पंचायत करतला) ने पीएससी परीक्षा की तैयारी एवं संभावनाओं की जानकारी दी। डॉ. त्रिलोक जगितानाथ हिमधर (चिकित्सा अधिकारी) ने विज्ञान विषय एवं मेडिकल क्षेत्र में कैरियर की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला, जिससे अधिकांश विद्यार्थियों ने डॉक्टर बनने की इच्छा व्यक्त की।
हाईकोर्ट अधिवक्ता श्री निमेश कुमार राठौर ने विधि शिक्षा, न्यायिक सेवाओं एवं पत्रकारिता क्षेत्र की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने बताया कि लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सकारात्मक विचार रखें। अच्छे आचरण और संगति के लोगों से संबंध रखते हुए निरंतर ज्ञान अर्जन करते रहे। उन्होंने समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रमों में छात्रों को जुड़ने की सलाह दी।
श्री मनमोहन सिंह राठिया (व्याख्याता) ने एसएससी एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
अन्य वक्ताओं में श्री पवन सिंह कंवर, श्री प्रकाश राठौर, श्री विपिन लकड़ा एवं श्री जयसूरज साहू ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान यूथ एवं इको क्लब की पत्रिका का विमोचन अतिथियों के करकमलों द्वारा किया गया। साथ ही कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र, मोमेंटो एवं पुष्पमाला प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों के पालकों को भी पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती प्रतिभा कहरा (व्याख्याता) ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री टी.आर. लाठिया (वरिष्ठ व्याख्याता) ने किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रीमती सेवती पटेल, श्री विजय पटेल, श्री रथराम, श्री भरत एवं समस्त विद्यालय स्टाफ का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, पालकगण, पंचगण, एसएमडीसी एवं पालक समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

