कोरबा (समाचार मित्र) करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत कीमती लकड़ियों की तस्करी करने वाले एक आरोपी को वन विभाग की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। उप वनमंडलाधिकारी सूर्यकांत सोनी के निर्देश पर करतला वन विभाग की टीम ने ग्राम संडैल ननकुटवा के पास दबिश दी जहां आरोपी ने मशीन द्वारा टुकड़े टुकड़े काटकर रखे लकड़ी को टाटा अल्ट्रा वाहन क्रमांक CG-16-CJ 1651 में भरकर तस्करी करने के उद्देश्य से रखा था । वन विभाग की टीम ने सूचना पर त्वरित कार्यवाही करते हुए लकड़ी तस्करी करने वाले आरोपी अक्षय कुमार पिता बीर सिंह, जाति-सतनामी, निवासी – पिनौरी, पोस्ट – पचपेड़ी, जिला – बिलासपुर (छ0ग0) को गिरफ़्तार कर अवैध परिवहन करने पर छत्तीसगढ़ वनोपज अधिनियम 2001 के तहत कार्यवाही कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वही संरक्षित प्रजाति के लकड़ियों के परिवहन करने पर वन विभाग ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को जप्त कर कार्यवाही की है। इस कार्य में श्रीमती अर्चना पैकरा प्रभारी रेंजर, बीरेश कुमार शुक्ला, कपिल कंवर, हरिनारायण बंजारे, विजेंद्र नेटी, चंद्रशेखर कांवर, प्रतीक तिवारी का विशेष योगदान रहा।














































































































































