पंचायत विभाग की जांच के दौरान हंगामा, ग्रामीणों ने जांच अधिकारियों को बनाया बंधक !
शिकायत की जांच करने पहुंचे अधिकारियों को ग्रामीणों ने नहीं करने दी जांच, तत्काल जांच प्रतिवेदन की मांग पर अड़े ग्रामीण !
कोरबा (समाचार मित्र) कोरबा जिले के एक ग्राम पंचायत में जांच के दौरान बवाल हो गया जब अधिकारियों को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर घेर लिया।

मामला करतला विकासखण्ड के ग्राम पंचायत कनकी का है !
ग्राम पंचायत कनकी में जनदर्शन और CM हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायत की जांच करने पहुंचे पंचायत विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए जांच अधिकारियों को कथित तौर पर बंधक बना लिया और संबंधित शिकायत की जांच करने से रोक दिया।
जानकारी के अनुसार, पंचायत विभाग के अधिकारी जिसमें दादू सिंह कंवर करारोपण अधिकारी, एस के नायर उप अभियंता, देव सिंह पैकरा आदि की टीम ग्राम पंचायत कनकी में मिली शिकायत की जांच करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने विरोध जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीण मौके पर ही जांच प्रतिवेदन देने की मांग करने लगे और अधिकारियों को जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाने नहीं दी।
मौके पर मौजूद अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों का कहना था कि संबंधित जांच अधिकारी से जांच प्रतिवेदन प्राप्त कर नियमानुसार आगे की जानकारी ली जा सकती है। हालांकि, अधिकारी की समझाइश के बावजूद ग्रामीण शांत नहीं हुए और तत्काल जांच प्रतिवेदन देने की मांग पर अड़े रहे।
जांच प्रक्रिया में बाधा, मौके पर पूरी नहीं हो सकी जांच !
ग्रामीणों के हंगामे के चलते जांच अधिकारी संबंधित शिकायत की जांच पूरी नहीं कर सके। भारी हंगामे की वजह से अधिकारियों को जांच अधूरा छोड़ वापस लौटना पड़ा। मामले में हंगामा होते देख जांच अधिकारीयों ने उच्च अधिकारियों को सूचना दिया जिसके बाद उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस कर्मियों को भी घेर लिया और उनके सामने भी हंगामा करने लगे।
शासकीय कार्य में बाधा, उरगा थाने में हुए शिकायत !
जांच अधिकारी ने बंधक बनाने की कोशिश करने एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले सम्बंधित 5 ग्रामीणों पर नामजद और अन्य के खिलाफ़ उरगा थाने में शिकायत किया है जहां से अब आगे कार्यवाही का इंतजार है।

