बिलासपुर/कोटा (समाचार मित्र) शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय कोटा में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विकास खण्ड स्तरीय रंगोली एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसमें विकास खण्ड कोटा के विभिन्न विभागों, महाविद्यालयों, विद्यालयों, स्वयं सहायता समूहों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) मोहित जायसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान सिर्फ प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जागरूकता का संदेश पहुँचाने का सामूहिक प्रयास है।
नगर पालिका अध्यक्ष सरोज साहू ने कहा कि रंगोली जैसी पारंपरिक कला जनसंदेश को लोगों तक पहुँचाने का सशक्त माध्यम है। जनभागीदारी समिति अध्यक्ष नरेंद्र बाबा गोस्वामी ने कहा कि विकसित भारत के लिए हर नागरिक को शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी होना जरूरी है।
प्राचार्य डॉ. सपना पवार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कला के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। जिला संगठक शितेष जैन और कार्यक्रम अधिकारी आनंद साव ने बताया कि रंगोली के जरिए स्वच्छ भारत मिशन, एक पेड़ माँ के नाम, पीएम आवास योजना, चंद्रयान मिशन, जन-धन, उज्ज्वला, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का संदेश दिया गया।
इस दौरान जनप्रतिनिधि अमृता कौशिक, महाराज सिंह नायक, सुलेख पांडेय, जगदीश नायक, रामकृष्ण पालके, नरेंद्र जायसवाल सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, पीएम श्री सेजेस और कन्या स्कूल के शिक्षक व NSS स्वयंसेवक मौजूद रहे। संचालन डॉ. जे. के. द्विवेदी ने किया और आभार आनंद कुमार साव ने व्यक्त किया।


