कोरबा (समाचार मित्र) पीएमश्री सेजेस अंग्रेजी-हिंदी माध्यम विद्यालय तिलकेजा में सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत नुक्कड़ नाटक का शानदार प्रदर्शन किया गया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के विभिन्न अनछुए पहलुओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे देखकर उपस्थित अतिथि एवं दर्शक भावुक हो उठे।

नाटक के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन संघर्ष, राष्ट्रसेवा एवं जनकल्याण के प्रति समर्पण को दर्शाने के साथ-साथ विकसित भारत के संकल्प के तहत केंद्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी रोचक एवं प्रभावी तरीके से दी गई। विद्यार्थियों के शानदार अभिनय और प्रस्तुति ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम में अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। SMDC अध्यक्ष एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष किशन साव ने विद्यार्थियों की प्रतिभा से प्रभावित होकर सभी प्रतिभागियों एवं प्रशिक्षकों को अपने खर्चे पर शैक्षणिक भ्रमण (एजुकेशनल टूर) पर ले जाने की घोषणा की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला मंत्री अजय कंवर ने विद्यालय एवं विद्यार्थियों के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए अपने संबोधन में कहा कि उन्होंने भी इसी विद्यालय से शिक्षा ग्रहण की है और आज राजनीति के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनन्त ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री अजय कंवर मुख्य अतिथि, जिला पंचायत सदस्य सुष्मिता अनन्त विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं किशन साव अध्यक्ष SMDC, कूल सिंह कंवर जिलाध्यक्ष भाजपा अजजा मोर्चा एवं पूर्व सरपंच, पद्मा कौशिक उपसरपंच तिलकेजा, प्रतिमा सोनवानी भाजपा नेत्री, गजेन्द्र वैष्णव अध्यक्ष शिक्षक पालक संघ तथा चन्द्रेश दुबे APC जिला शिक्षा कार्यालय कोरबा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएमश्री सेजेस तिलकेजा के प्राचार्य एम.आर. श्रीवास ने की।
कार्यक्रम का सफल संचालन व्याख्याता रामकृष्ण जायसवाल ने किया। इस अवसर पर नुक्कड़ नाटक में शामिल सभी प्रतिभागियों को विद्यालय की ओर से पुरस्कृत किया गया। वहीं नाटक के प्रशिक्षक जितेन्द्र शर्मा, अंजली चक्रधारी एवं दुष्यंत राठिया को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुति और अतिथियों के उत्साहवर्धन से पूरा कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।


