बिलासपुर/कोटा (समाचार मित्र) विकासखंड कोटा के शासकीय हाईस्कूल धौराभांठा की प्राचार्य के कार्य-व्यवहार को लेकर स्कूल के समस्त कर्मचारियों ने कलेक्टर बिलासपुर से लिखित शिकायत की है। कर्मचारियों ने प्राचार्य श्रीमती इंद्रा गेंदले पर अभद्र भाषा के प्रयोग, मनमानी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
कर्मचारियों द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि प्राचार्य द्वारा बात-बात पर स्वयं के अनुसूचित जाति से होने का हवाला देकर SC/ST Act में फंसा देने और महिला आयोग में शिकायत करने की धमकी दी जाती है, जिससे विद्यालय का वातावरण खराब हो रहा है।
*शिकायत पत्र में ये प्रमुख आरोप लगाए गए हैं -*
1. उपस्थिति पंजी को अलमारी में लॉक कर चले जाना और दूसरे दिन आकर खुद हस्ताक्षर कर बाद में कर्मचारियों को देना।
2. शाला में शिक्षकों की कमी के बावजूद स्वयं अध्यापन कार्य न करना और अधिकांश समय कार्यालयीन कार्यों का हवाला देकर कक्षाएं खाली रखना।
3. शासन के आदेशानुसार रोज होने वाले राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत, गुरुवंदना, दीप मंत्र और सरस्वती वंदना में से केवल दो ही गीत करवाना और बाकी के लिए समय खराब होने की बात कहकर मना करना।
4. शाला की भृत्य लता यादव को सुबह 8.30 बजे उनके घर जाकर जबरन शाला लाना, जबकि उनका घर मुख्य मार्ग से 1 किमी दूर है और वे बिलासपुर से बस से आती हैं।
कर्मचारियों ने कलेक्टर से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। शिकायत पत्र की प्रतिलिपि जिला शिक्षा अधिकारी, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी दी गई है, जिस पर 11 सितंबर को रिसीविंग सील लगी है।


