कोरबा/करतला (समाचार मित्र) जिले की विद्युत व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। तुमान फीडर अंतर्गत ग्राम फत्तेगंज का जोहराभाटा मोहल्ला पिछले तीन दिनों से बिजली आपूर्ति बंद होने के कारण अंधेरे में रहने को मजबूर है जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार कई दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर लोगों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली गुल होने की जानकारी संबंधित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार दी गई है, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। बिजली नहीं होने से पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो रही है, मोबाइल फोन चार्ज करने में परेशानी हो रही है तथा रात के समय लोगों को अंधेरे में रहना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बाद भी विभागीय अमला गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब विभाग को समस्या की जानकारी है, तो फिर सुधार कार्य में देरी क्यों हो रही है? आखिर ग्रामीणों की परेशानी का जिम्मेदार कौन है?
बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं जिले की विद्युत व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा कर रही हैं। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द बिजली बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे उच्च अधिकारियों के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराएंगे।
अब सभी की निगाहें बिजली विभाग पर टिकी हैं कि आखिर तीन दिनों से अंधेरे में डूबे जोहराभाटा मोहल्ले को कब राहत मिलती है और जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या पर क्या कदम उठाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार जल्द अगर व्यवस्था नहीं सुधरी तो कई ग्रामीण मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर इसकी शिकायत करेंगें।


