मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद जांच प्रस्तावित, सरपंच और सचिव को नोटिस जारी !
कोरबा (समाचार मित्र) ग्राम पंचायत में कथित फर्जी आहरण एवं वित्तीय अनियमितता को लेकर मामला गरमा गया है। इस संबंध में भाजपा मंडल अध्यक्ष द्वारा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराते हुए ग्राम पंचायत गुमिया में मामले की जांच की मांग की गई थी।
शिकायत के बाद संबंधित विभाग द्वारा मामले को जांच के लिए लिया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत गुमिया में 5 अक्टूबर को जांच किया जाना प्रस्तावित है। जांच के लिए ग्राम पंचायत के संबंधित सरपंच एवं सचिव को नोटिस जारी कर निर्धारित तिथि को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
शिकायतकर्ता बरपाली भाजपा मण्डल अध्यक्ष ओमप्रकाश साहू द्वारा पंचायत में मूलभूत और 15वें वित्त की राशि से हुए कथित फर्जी आहरण सहित अन्य वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की गई है। अब जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी वास्तविकता है और पंचायत के अभिलेखों एवं वित्तीय लेन-देन में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है या नहीं।
5 अक्टूबर को प्रस्तावित जांच पर ग्रामीणों और पंचायत से जुड़े लोगों की नजर बनी हुई है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होगी।


