कोरबा (समाचार मित्र) जिले के जनपद सदस्यों ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में जिला स्तरीय बैठक आयोजित कर जिला जनपद सदस्य संघ का गठन किया। बैठक में जिले के विभिन्न जनपद क्षेत्रों से जनपद सदस्यों ने भाग लिया और संगठन के पदाधिकारियों का मनोनयन किया।

बैठक में ढोंगदहरा क्षेत्र के जनपद सदस्य नंद कुमार कंवर (विक्की) को सर्वसम्मति से जिला जनपद सदस्य संघ का जिलाध्यक्ष तथा बिरदा क्षेत्र के जनपद सदस्य फूलचंद कश्यप को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। वही संगठन में कई सदस्यों को जगह प्रदान किया गया है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष नंद कुमार कंवर ने कहा कि जनपद सदस्यों को जिला स्तर पर जिस सम्मान और अधिकार की आवश्यकता है, वह उन्हें अपेक्षित रूप से नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि जनपद सदस्यों के अधिकारों और सम्मान के लिए संगठन के माध्यम से जमीनी स्तर पर लड़ाई शुरू करने की योजना बनाई जा रही है।
उन्होंने जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपे जाने पर जिले के सभी जनपद सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को एकजुट कर जनपद सदस्यों की समस्याओं और अधिकारों को उचित मंच तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में उपस्थित जनपद सदस्यों ने नवगठित संगठन के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की बात कही।


