जांजगीर-चांपा (समाचार-मित्र) छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल जांजगीर के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बिजली व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर मिल रही जानकारी के अनुसार कॉलोनी में बिजली बिल की बड़ी राशि बकाया होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, बकाया राशि और जिम्मेदारी की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभाग से होना बाकी है।
बताया जा रहा है कि कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट के लिए विद्युत व्यवस्था तो की गई है, लेकिन कई स्थानों पर रोशनी नहीं होने से रात के समय अंधेरा पसरा रहता है। इसका सीधा असर कॉलोनीवासियों की आवाजाही और सुरक्षा पर पड़ रहा है।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि बिजली बिल के बकाया के कारण स्ट्रीट लाइट प्रभावित हो रही है, तो संबंधित विभाग को स्थिति स्पष्ट कर समस्या का तत्काल समाधान करना चाहिए।
अब सवाल यह है कि जब कॉलोनी में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था मौजूद है, तो आखिर रात के समय कई हिस्सों में अंधेरा क्यों छाया रहता है? क्या बिजली बिल के बकाया का असर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था पर पड़ रहा है!


