कोरबा/पाली (समाचार मित्र) ग्राम पंचायत नेवसा में विकास कार्यों को गति देते हुए 53 लाख 25 हजार 882 रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया गया। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने विधिवत पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को सड़क, जल संरक्षण और सामुदायिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा।विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम नेवसा में सामुदायिक भवन सह आहाता निर्माण के लिए 19 लाख 59 हजार 488 रुपये, तालाब गहरीकरण एवं पचरी निर्माण के लिए 16 लाख 11 हजार 624 रुपये तथा 620 मीटर सीसी रोड निर्माण के लिए 17 लाख 54 हजार 770 रुपये की स्वीकृति मिली है।

तीनों कार्यों की कुल लागत 53 लाख 25 हजार 882 रुपये है।भूमि पूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना प्राथमिकता है। सीसी रोड के निर्माण से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा, वहीं तालाब गहरीकरण एवं पचरी निर्माण से जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, धार्मिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।विकास कार्यों की स्वीकृति और भूमि पूजन से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा।

ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए विधायक प्रेमचंद पटेल का आभार जताया और क्षेत्र में इसी तरह विकास कार्य जारी रहने की उम्मीद व्यक्त की।इस अवसर पर शिवलाल यादव, जमुना यादव, रामकुमार राठौर, लक्ष्मण प्रसाद यादव, हीरालाल पटेल, हीरामन पटेल, कृष्णा साहू, रफीक खान, मुनेश्वर केवट, दुकालू पटेल, व्यास नारायण पटेल, विजय राठौर, बुधराम, रोहित राठौर, अमृता यादव, रितेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


