कोरबा (समाचार मित्र) सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद कुछ स्कूली विद्यार्थियों द्वारा नियमों की खुलेआम अनदेखी किए जाने की तस्वीरें सामने आई हैं। सामने आई तस्वीरों में एक बाइक पर तीन से चार छात्र सवार दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ तस्वीरों में बाइक चलाते समय लापरवाही और जोखिम भरे अंदाज में सफर करते हुए भी नजर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि तस्वीरों में नजर आ रहे छात्र स्वामी आत्मानंद विद्यालय, तिलकेजा के विद्यार्थी हैं। हालांकि, छात्रों की पहचान और विद्यालय से उनके संबंध की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
एक बाइक पर क्षमता से अधिक सवारी बैठाना और सड़क पर इस तरह लापरवाही से वाहन चलाना गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि स्कूली विद्यार्थियों की सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जिम्मेदारों की निगरानी आखिर कितनी गंभीर है?
अब जरूरत है कि संबंधित विभाग वायरल तस्वीरों/वीडियो की जांच कर वास्तविकता सामने लाए और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करे।
नोट: यह खबर सामने आई तस्वीरों/वायरल वीडियो के आधार पर है। हम तस्वीरों/वीडियो में किए जा रहे दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करते हैं।


