जांजगीर-चांपा (समाचार मित्र) जांजगीर जिला पंचायत कार्यालय के सामने लगा स्वागत गेट इन दिनों लोगों के लिए चिंता का कारण बना हुआ है। गेट की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। कार्यालय के सामने से प्रतिदिन अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों का आना-जाना लगा रहता है, इसके बावजूद गेट की सुरक्षा और मरम्मत की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिला पंचायत सीईओ और जिला पंचायत अध्यक्ष का भी प्रतिदिन यहां आना-जाना होता है, लेकिन इसके बावजूद जर्जर अथवा असुरक्षित स्वागत गेट को लेकर अब तक ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।
यदि गेट का कोई हिस्सा अचानक गिरता है तो राहगीरों या कार्यालय आने वाले लोगों को गंभीर चोट लगने की आशंका बनी हुई है। लोगों ने संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों से मांग की है कि किसी अप्रिय घटना से पहले गेट का तत्काल निरीक्षण कराकर आवश्यक मरम्मत या उसे सुरक्षित तरीके से हटाने की कार्रवाई की जाए।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या खबर चलने के बाद समस्या का समाधान किया जाएगा की नहीं!


