कोरबा (समाचार मित्र) मंगलवार सुबह जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। करीब 85 वर्षीय बुजुर्ग की उनके ही भतीजे द्वारा कथित रूप से धारदार हथियार से वार कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है।

मिली जानकारी के अनुसार पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया में बबन राम यादव, निवासी सीपतपारा, पिपरिया का मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23 वर्ष), पिता राम प्रसाद यादव से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ।
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपी ने कथित रूप से टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद बुजुर्ग की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी में संपत्ति विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल शेष है।
पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति और हत्या के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।


