बिलासपुर/कोटा (समाचार मित्र ) शासकीय निरंजन केशरवानी महाविद्यालय कोटा के लिए गौरव का क्षण है। महाविद्यालय की छात्रा प्राची नेताम का चयन राज्य स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता के लिए हुआ है।
शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय बिलासपुर में 11 और 12 सितंबर को परिक्षेत्र स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, जिसमें बिलासपुर संभाग के 16 महाविद्यालयों की टीमों ने हिस्सा लिया। कोटा महाविद्यालय की टीम ने क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन किया।
इसी प्रदर्शन के आधार पर एम.ए. राजनीति शास्त्र प्रथम सेमेस्टर की छात्रा प्राची नेताम ने बिलासपुर सेक्टर टीम में अपनी जगह बनाई। अब वह 23 और 24 सितंबर को बहतराई स्टेडियम बिलासपुर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 2026-27 में बिलासपुर सेक्टर का प्रतिनिधित्व करेंगी। इस प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय पातालेश्वर महाविद्यालय मस्तूरी के तत्वावधान में हो रहा है।
टीम मैनेजर के रूप में भौतिकी के सहायक प्राध्यापक डॉ. विनीत कुमार मन्नाड़े शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने टीम भावना और उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन कर विपक्षी टीमों को कड़ी टक्कर दी।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सपना पवार ने कहा कि ग्रामीण अंचल के इस एकमात्र शासकीय महाविद्यालय में विद्यार्थियों में खेल के प्रति शुरू से ही उत्साह रहा है और ऐसे चयन से पूरे महाविद्यालय का गौरव बढ़ता है। उन्होंने चयनित खिलाड़ी प्राची नेताम और क्रीड़ा अधिकारी राजेश सिंह को बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।कोटा महाविद्यालय की छात्रा प्राची नेताम का राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में चयन।


