कोरबा/करतला (समाचार मित्र) भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर को इस बार पूरे देश में ख़ास तरीके से मनाने की तैयारी चल रही है। करतला जनपद कार्यालय में पंचायत सचिवों की बैठक में इसको लेकर शासन प्रशासन से आए दिशा निर्देशों को पालन करने को लेकर आवश्यक बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर पंचायत सचिवों को गांवों में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं से लाभ प्राप्त कर चुके लाभार्थियों के ‘बदलाव की कहानी’ के तहत सोशल मीडिया में वीडियो डालने के भी निर्देश प्राप्त हुए है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन 17 सितंबर को है जिसे ‘सेवा दिवस’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में एक महीने (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026) तक मनाने की घोषणा की गई है। आपको बता दे उसी दिन भारत के प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के रूप में “सेवा संकल्प अभियान” की शुरूआत की जा रही है।
घर-घर में जलेगा प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद का दिया !
शासन ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वो प्रत्येक गांव के हर घर में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन के दिन आशीर्वाद स्वरूप एक दिया अपने घरों में जलाए। उसी कड़ी में करतला जनपद के समस्त सचिवों को पंचायत में प्रत्येक घरों में दिया जलवाने के लिए ग्रामीणों को अवगत कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जनपद स्तर पर 5100 दिए और विशाल रंगोली बनाने के निर्देश !
करतला जनपद सीईओ वैभव कौशिक ने बताया कि जनपद स्तर पर भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वृहद कार्यक्रम आयोजित की जाएगी जिसमें 5100 दियों और रंगोली के माध्यम से यशस्वी प्रधानमंत्री को बधाई एवं शुभकामनाएं स्वरूप जलाने की योजना है। जनपद सीईओ श्री कौशिक ने जनपद क्षेत्र के समस्त ग्रामवासियों से आग्रह किया है कि वो 17 सितम्बर की शाम 7 बजे से भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ‘आशीर्वाद का दिया’ जरूर जलाएं।


