कोरबा/करतला (समाचार मित्र) बरसात के बाद क्षेत्र की कई सड़कों की हालत खराब होने के मामले को करतला जनपद अध्यक्ष ने गंभीरता से लिया है। ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह सड़क पर गड्ढे और क्षतिग्रस्त हिस्सों के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है। ग्रामीणों की समस्याओं को देखते हुए जनपद पंचायत करतला के अध्यक्ष श्रीमती अशोक विश्राम कंवर ने जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह के माध्यम से अधिकारियों को पत्र लिखकर खराब सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है।

पत्र के माध्यम से अध्यक्ष ने बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कें आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं और इनके खराब होने से विद्यार्थियों, किसानों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों को परेशानी हो रही है।
मामले को लेकर संबंधित अधिकारी से चर्चा किए जाने पर सड़कों की स्थिति का जायजा लेकर जल्द ही आवश्यक मरम्मत कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया गया है। अधिकारियों के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
अब देखना होगा कि बारिश के बाद बदहाल हुई सड़कों की मरम्मत का कार्य कितनी जल्दी शुरू होता है और ग्रामीणों को गड्ढों व खराब मार्गों से कब तक निजात मिलती है।


