छत्तीसगढ़ (समाचार मित्र) गणेश चतुर्थी के दौरान DJ बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास एक युवक ने दूसरे युवक पर चाकू से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बिलासपुर में सोमवार शाम ग्राम संबलपुरी में राशन दुकान के सामने बने गणेश पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23), पिता प्रहलाद सूर्यवंशी और आकाश सूर्यवंशी (22), पिता अंशु सूर्यवंशी मौजूद थे। इसी दौरान साउंड सिस्टम और DJ बजाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी दौरान अमन ने चाकू से आकाश के सीने पर कई वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना से पंडाल के आसपास अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आकाश को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
नशे की हालत में वारदात का आरोप
पुलिस की प्रारंभिक जांच में DJ और साउंड सिस्टम को लेकर विवाद की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और पहले भी नशामुक्ति केंद्र में रह चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
CSP सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मुताबिक आरोपी नशे का आदी है और घटना के समय भी नशे में होने की बात सामने आई है। वह कुछ समय पहले ही नशामुक्ति केंद्र से वापस आया था। परिजन उसे पहले भी नशामुक्ति केंद्र भेज चुके हैं।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्च्यूरी में रखा गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर घटना के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।


