कोरबा/बांकीमोंगरा (समाचार मित्र) मानव सेवा और सामाजिक जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत शनिवार, 12 सितंबर 2026 को अरदा चौक, बांकीमोंगरा में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं यातायात जन-जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन सेवा मित्र 24 के सदस्यों के सहयोग से किया गया।
शिविर का शुभारंभ सुबह 10 बजे हुआ, जो शाम 6 बजे तक चला। इस दौरान क्षेत्र के सेवाभावी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया और मानवता की सेवा का संदेश दिया।
आयोजकों के अनुसार, सिकल सेल, थैलेसीमिया एवं ब्लड कैंसर से पीड़ित बच्चों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में स्वैच्छिक रक्तदान कराया गया। इसके साथ ही 18 वर्ष से अधिक आयु के युवक-युवतियों के लिए निःशुल्क रक्त समूह एवं हीमोग्लोबिन जांच की व्यवस्था भी की गई।
रक्तदान के साथ यातायात जागरूकता का संदेश
शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के महत्व के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। आयोजकों ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
रक्तदाताओं के उत्साह और सेवाभाव ने यह संदेश दिया कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। रक्तदाताओं को कार्यक्रम के दौरान प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित भी किया गया।
सेवा मित्र 24 के सदस्यों का विशेष सहयोग
कार्यक्रम के आयोजक राज दीवान ने बताया कि समाजहित में इस तरह के सेवा कार्यों को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। रक्तदान और यातायात जागरूकता को एक साथ जोड़कर आयोजित यह शिविर मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।
कार्यक्रम में डी.डी. दीवान, राम किशोर राव, रवि पांडेय, सुदाम खुटिया, के.डी. बघेल, डॉ. सुनील विश्वकर्मा, आशीष कुमार, शुभम आदिल सहित सेवा मित्र 24 के कार्यकर्ताओं एवं सेवाभावी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
शिविर के लिए SJR फाउंडेशन, कटघोरा ब्लड बैंक का सहयोग रहा।
आयोजक: राज दीवान, सदस्य सेवा मित्र 24
स्थान: अरदा चौक, बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छत्तीसगढ़)


