छत्तीसगढ़/सूरजपुर (समाचार मित्र) छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के मरहट्टा गांव में पत्नी से पड़ोसी युवक के अवैध संबंध होने के शक में हत्या का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने पड़ोसी युवक पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके स फरार हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आरोपी को संदेह था कि उसकी पत्नी के पड़ोस में रहने वाले युवक से संबंध हैं। इसी बात को लेकर आरोपी और मृतक के बीच पहले भी विवाद और कहासुनी होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश भी थी।
विवाद के बाद किया हमला
इसी विवाद के दौरान आरोपी ने पड़ोसी युवक पर टंगिया से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया, जिससे गांव में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रतापपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वास्तविक वजह और वारदात का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट हो सकेगा।


