छत्तीसगढ़/कोरबा (समाचार मित्र) पारवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपने ही चाचा की फरसी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी भतीजे को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कोरबी चौकी क्षेत्र के ग्राम पनगांव निवासी गुलाब सिंह का किसी बात को लेकर अपनी मां से विवाद हो रहा था। इसी दौरान उसका भतीजा दुर्गेश वहां पहुंच गया। दादी और चाचा के बीच हो रही बहस सुनकर दुर्गेश आक्रोशित हो गया और देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया।
बताया जा रहा है कि गुस्से में दुर्गेश ने अपने चाचा गुलाब सिंह पर फरसी से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद गुलाब सिंह की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर कोरबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं वारदात में इस्तेमाल फरसी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह और पूरा घटनाक्रम पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है।


