रायपुर (समाचार मित्र) स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ कमलप्रीत सिंह ने प्रदेशभर के संयुक्त संचालक शिक्षा व जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र लिखकर हाई व हायर सेकेंडरी स्कूलों के प्राचार्यों के कामकाज को लेकर जरुरी दिशा निर्देश जारी किया है। सचिव ने अपने आदेश में साफ लिखा है, जारी किए गए दिशा निर्देशों का गंभीरता से पालन करना सुनिश्चित किया जाए। खास बात ये कि आदेश को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी निर्देश पर गौर करें तो प्राचार्यों को प्रशासनिक व वित्तीय कामकाज के अलावा अब प्रतिदिन दो पीरिएड पढ़ाने भी होंगे। प्राचार्य से लेकर शिक्षकों व लिपीक कार्यालय को लेकर भी जरुरी दिशा निर्देश जारी किया गया है। निर्धारित दफ्तरों में ही बैठना होगा। स्कूल के बड़े कमरों का उपयोग क्लास रूम के रुप में इस्तेमाल किया जाएगा। निर्धारित ऑफिस में ही प्राचार्य से लेकर शिक्षकों व लिपिकों को बैठने की हिदायत दी गई है।
पढ़िए स्कूल शिक्षा सचिव का आदेश
संबंधित विद्यालय के प्राचार्य विद्यालय से संबंधित समस्त प्रशासनिक एवं वित्तीय कार्यों का निर्वहन करेंगे।
संबंधित विद्यालय के प्राचार्य आवश्यकतानुसार कम से कम 02 कालखण्ड अध्यापन प्रतिदिन करेंगे।
विद्यालय भवन के ड्राइंग डिजाइन अनुसार प्राचार्य कक्ष, लिपिक कक्ष, स्टाफ कक्ष हेतु निर्धारित कक्ष में ही प्राचार्य, लिपिक, स्टाफ बैठेंगे। निर्धारित कक्ष के अलावा अध्यापन कक्ष का उपयोग प्राचार्य/ लिपिक/स्टाफ के बैठने हेतु नहीं करेंगे।
विद्यालय में स्थित बड़े-बड़े कक्षों का उपयोग छात्र- छात्राओं के अध्ययन अध्यापन हेतु किया जावे।

