रायपुर (समाचार मित्र) राजधानी रायपुर के पंडरी स्थित श्याम स्क्वायर के एक स्पा सेंटर में पुलिस ने दबिश देकर कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, सेंटर में अवैध गतिविधियों से जुड़े लेन-देन की सूचना मिलने के बाद पर्चेस टेस्ट के जरिए जांच की गई। इसके बाद महिला डीएसपी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने स्पा सेंटर में दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई के दौरान स्पा के मैनेजर सहित तीन महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, जांच में स्पा सेंटर के संचालन से जुड़े लोगों की भूमिका सामने आने के बाद कार्रवाई आगे बढ़ाई गई।
पीटा एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, स्पा सेंटर का संचालन हरविंदर सिंह ग्रोवर द्वारा किया जा रहा था। मामले में पुलिस ने संचालक हरविंदर सिंह ग्रोवर और मैनेजर मुकेश वर्मा के खिलाफ पीटा एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की है। मैनेजर मुकेश वर्मा को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई है।
बताया गया है कि मुकेश वर्मा भिलाई-03 के पचपेड़ी क्षेत्र का निवासी है। वहीं हिरासत में ली गई तीन महिलाओं में एक पश्चिम बंगाल और दो रायपुर के भाठागांव तथा खम्हारडीह क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं।
देवेन्द्रनगर पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर में संचालित गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। देवेन्द्रनगर थाना पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है और सेंटर से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। मामले में आगे की जांच के बाद और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।


